ताज नगरी में बढ़ नहीं रही है पर्यटकों की संख्या
आगरा, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। स्थानीय होटल मालिकों और टूर ऑपरेटरों का कहना है कि आगरा में ताज महल और दो अन्य विश्व धरोहर स्मारकों के होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की खस्ता हालत और गंदगी के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा नहीं हो रहा है।
रविवार को यहां विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर सरकारी संस्थाओं ने एक होटल में विदेशी पर्यटकों का स्वागत करने के लिए समारोह आयोजित किया। इसके बावजूद पर्यटन उद्योग से जुड़ लोगों को शिकायत है कि शहर में पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने के लिए अपेक्षित सरकारी सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
'आगरा होटेल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन' के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा, " भारत का सबसे लोकप्रिय पर्यटक स्थल होने के बावजूद आगरा में बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब हैं। हम एक प्रदूषण रहित शहर का लाभ उठाने में असफल साबित हो रहे हैं।"
शर्मा ने आईएएनएस को बताया, " 2007 में जब ताज को विश्व के सात आश्चर्य में शामिल किया गया तो हमने सोचा था कि हालात बदलेंगे और हमारी मांगों को पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।"
पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारी राकेश चौहान और संदीप अरोड़ा ने कहा कि ऐसा लगता है कि आगरा को एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में बदलने के लिए जरूरी दृष्टि का अभाव है।
कारोबारियों का कहना है कि न तो उत्तर प्रदेश सरकार और न ही केंद्र सरकार आगरा में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गंभीर दिखाई देती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications