भारत के लिए परमाणु नि:शस्त्रीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता : कृष्णा
संयुक्त राष्ट्र, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। दुनिया को परमाणु हथियारविहीन बनाने के लिए नई वैश्विक चर्चा का स्वागत करते हुए भारत ने कहा है कि वह परमाणु नि:शस्त्रीकरण को 'सर्वोच्च प्राथामिकता' देता है। इसके साथ ही वह अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
शनिवार देर रात संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र में हिस्सा लेते हुए विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने कहा, "भारत के लिए परमाणु नि:शस्त्रीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसका अप्रसार का रिकार्ड बेदाग है।"
कृष्णा ने कहा, "हम परमाणु हथियारविहीन दुनिया का लक्ष्य हासिल करने की नई वैश्विक चर्चा का स्वागत करते हैं। यह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा परमाणु नि:शस्त्रीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भारत की दीर्घकालिक और निरंतर हिमायती नीति के अनुरूप है।"
उन्होंने याद दिलाया कि भारत ने वर्ष 2006 में एक आधार पत्र सहित परमाणु नि:शस्त्रीकरण पर संयुक्त राष्ट्र में काफी संख्या में प्रस्ताव पेश किए थे।
कृष्णा ने जलवायु परिवर्तन से निपटने में विकासशील देशों की सहायता की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि विकासशील देशों की वित्तीय, प्रौद्योगिकी और अन्य संसाधनों से सहायता की जानी चाहिए, जिससे वे अनुकूलन की भारी चुनौतियों से निपटने में सक्षम हो सकें।
दुनिया के संघर्षग्रस्त इलाकों में शांति कायम करने के प्रयासों के बारे में कृष्णा ने अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा कायम रखने की पिछले पांच दशकों की भारतीय प्रतिबद्धता को दोहराया। भारत ने इस दौरान 100,000 शांतिरक्षकों का योगदान दिया और इन दशकों के दौरान सबसे अधिक नुकसान उठाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications