न्यूयार्क, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच होने वाली महत्वपूर्ण मुलाकात की जमीन तैयार करने के लिए दोनों देशों के विदेश सचिव शनिवार को न्यूयार्क के रुजवेल्ट होटल में मिले।
आशा की जा रही है कि दोनों विदेश मंत्रियों के बीच होने वाली इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान भारत पिछले वर्ष मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के संदर्भ में पाकिस्तान से कार्रवाई में तेजी लाने की मांग कर सकता है।
विदेश सचिव निरुपमा राव और उनके पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर शनिवार को न्यूयार्क के रुजवेल्ट होटल में मिले। जुलाई में मिस्र के शर्म-अल शेख में प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के बाद दोनों देशों के उच्चाधिकारियों की पहली मुलाकात हो रही है।
विदेश सचिव निरुपमा राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर की बैठक 45 मिनट की देरी से शुरू हुई। माना जा रहा है कि बैठक में भारत ने मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की जांच में हो रही प्रगति और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई पर चर्चा की।
निरुपमा राव और बशीर इस बैठक में हुई चर्चा के बारे में विदेश मंत्रियों को जानकारी उपलब्ध कराएंगे। भारत के विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा और पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी रविवार को न्यूयार्क में मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications