अफगानिस्तान हमले में बाल-बाल बचे ऊर्जा मंत्री, नाटो के 6 सैनिक शहीद (लीड-2)
इस बीच गठबंधन सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अफगानिस्तान में अलग-अलग घटनाओं में नाटो के छह सैनिक शहीद हो गए हैं। इनमें अमेरिका के दो और फ्रांस के तीन सैनिक शामिल हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पश्चिमी क्षेत्र के एक पुलिस प्रवक्ता अब्दुल रऊफ अहमदी ने कहा है कि आत्मघाती हमला उस समय हुआ जब ऊर्जा मंत्री मोहम्मद इस्माइल खान का काफिला पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में हवाई अड्डे की ओर जा रहा था। उसी दौरान विस्फोटकों से लदी एक मोटरसाइकिल को हमलावर ने उड़ा दिया।
अहमदी ने कहा, "सौभाग्यवश हमले में खान को कुछ भी नुकसान नहीं हुआ लेकिन चार नागरिकों की मौत हो गई और खान के चार अंगरक्षकों सहित 17 व्यक्ति घायल हो गए।" उन्होंने कहा कि हमले में खान के काफिले के तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा।
तालिबान प्रवक्ता जाबिउल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि हमले का निशाना खान थे।
राष्ट्रपति हामिद करजई ने इस हमले की निंदा की है। करजई के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, "अफगानी जनता के दुश्मन राष्ट्रीय हस्तियों पर हमला कर यहां के लोगों की प्रगति और आजादी के रास्ते में रोड़ा अटकाने की कोशिश कर रहे हैं।"
ज्ञात हो कि करजई की सरकार में शामिल होने से पहले खान देश के पश्चिमी हिस्से में मुजाहिदीन के एक शीर्ष कमांडर थे।
इस बीच नाटो के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएफ) ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान उसके छह सैनिक मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications