बस्तर क्षेत्र के विधायकों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
बस्तर क्षेत्र में 12 विधानसभा सीटें हैं जिनमें से 11 पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को सांसद बलिराम कश्यप के बेटे की हत्या के बाद विधायक अगले कुछ दिनों के लिए अपनी सार्वजनिक सभाएं रद्द कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों से अपनी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को बस्तर क्षेत्र से सांसद बलिराम कश्यप के बेटों तानसेन और दिनेश के ऊपर नक्सलियों द्वारा हमला किया गया था जिसमें तानसेन की मौत हो गई थी।
बस्तर क्षेत्र के एक भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "बस्तर क्षेत्र के सांसद के परिवार के ऊपर हुए हमले के बाद भय का माहौल पैदा हो गया है। मैंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा है क्योंकि मैं प्रतिदिन कई सार्वजनिक समारोह में हिस्सा लेता हूं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र का विधायक होने की वजह से मुझे हमेशा उच्चस्तरीय सुरक्षा की जरूरत होती है।"
पुलिस का कहना है कि बस्तर जिले को पूरी तरह से सील कर सांसद परिवार के ऊपर हमला करने वालों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications