ईरान सोमवार को करेगा लंबी दूरी की मिसाइल का परीक्षण (लीड-2)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार स्थानीय अंग्रेजी भाषा के समाचार चैनल प्रेस टीवी ने रविवार को सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी के हवाले से कहा कि लंबी दूरी की शहाब मिसाइल का परीक्षण सोमवार को होगा।
रक्षा सूत्रों के अनुसार शहाब 2,000 किलोमीटर दूर तक मार कर सकती है और इससे इजरायल को निशाना बनाया जा सकता है।
ईरान के रिवोल्युशनरी गार्ड ने रविवार को एक सैन्य अभ्यास आरंभ किया। इस दौरान छोटी दूरी की मिसाइलों और बहु-उद्देश्यीय मिसाइल लांचर का परीक्षण किया गया।
जनरल हुसैन सलामी ने कहा कि सैन्य अभ्यास का उद्देश्य पश्चिमी देशों के संभावित हमले की स्थिति में देश की रक्षात्मक क्षमता में वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलों सहित अन्य तकनीकी विकास का आकलन करना सैन्य अभ्यास का उद्देश्य है।
सलामी ने यह भी कहा कि सैन्य अभ्यास का उद्देश्य लंबे समय तक बचाव और सुरक्षात्मक कार्रवाइयों का प्रबंधन करना है।
ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं के कारण पश्चिमी देशों से उसके बढ़ते तनाव के बीच मिसाइलों के ये परीक्षण किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह के आरंभ में ईरान ने अपने दूसरे यूरेनियम संवर्धन संयंत्र के निर्माण के पूरा होने की घोषणा की है।
ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने जोर दिया कि यह संयंत्र संयुक्त राष्ट्र के नियमों के तहत निर्मित है। उन्होंने यह भी कहा कि यह संयंत्र संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के निरीक्षण के लिए खुला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications