फिलीपींस में तूफान 'केत्साना' 100 की मौत (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पिछले 40 वर्षो के दौरान यह सबसे भयावह बाढ़ है। राष्ट्रीय आपदा समन्वय परिषद (एनडीसीसी) के प्रमुख और रक्षा सचिव गिलबटरे तेवदेरो ने बताया कि तेज बारिश और भूस्खलन की वजह से 21 लोग लापता हैं।
उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार होने के साथ ही बचाव दल और प्रभावित इलाकों में पहुंच जाएंगे। अधिकारियों ने हजारों पीड़ितों तक बचाव और राहत सामाग्री पहुंचा दी है।
तेवदेरो ने बताया, "अमेरिकी सरकार ने बचाव कार्य के लिए एक हेलीकॉप्टर और अतिरिक्त नौकाओं को भेजा है। हम तब तक अपना बचाव कार्य जारी रखेंगे जब तक सभी जरूरतमंदों को मदद न मिल जाए।"
मनीला का रिजल प्रांत तूफान से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रांत के गवर्नर कासीमिरो यनारेस तृतीय ने बताया कि बाढ़ से यहां कम से कम 56 लोगों की जान गई है।
उन्होंने कहा, "यहां 45 लोग अभी लापता हैं। हमें और नौकाओं की जरूरत है। हम बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़क मार्ग के जरिए नहीं पहुंच सकते।"
मनीला के उपनगरीय इलाके मारीकीना में कम से कम 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इन सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। मनीला, लागुना, बातंगास, केविटे और अपायाओ प्रांतों में पेड़ गिरने और दीवार ढहने या फिर डूबने से 30 से अधिक लोग मारे गए ।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को राजधानी मनीला और आसपास के इलाकों में रिकार्ड बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रमुख निलो प्रिस्को ने बताया कि शनिवार को नौ घंटों के भीतर 410.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
एनडीसीसी का कहना है कि तूफान से 279,000 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रिस्को ने कहा, "हम इस तूफान को जलवायु परिवर्तन का नतीजा कह सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications