अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित
इटानगर, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोर्जी खांडू विधानसभा के लिए तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके साथ ही दो अन्य कांग्रेसी उम्मीदवार भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मुख्यमंत्री के अलावा कांग्रेस के दो अन्य उम्मीदवार तवांग विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक सेवांग डोंडुप और लुमला सीट से नए प्रत्याशी जेम्बी ताशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम समय सीमा 25 सितम्बर तक किसी ने भी इन तीनों के खिलाफ पर्चा नहीं भरा।
चीन सीमा से लगे तवांग जिले की मुक्टो सीट से खांडू वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने आईएएनएस से कहा, "मेरे खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं बना इसमें मेरी कोई गलती नहीं है। यदि कोई उम्मीदवार बनता भी तो मेरी जीत सुनिश्चित थी क्योंकि लोग जानते हैं कि राज्य के विकास के लिए मैंने क्या किया है।"
अब राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के 57 क्षेत्रों में 13 अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना 22 अक्टूबर को होगी।
राज्य में कांग्रेस ने सभी 60 स्थानों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 30, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 22 और आश्चर्यजनक रूप से तृणमूल कांग्रेस ने 28 स्थानों से अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों में कांग्रेस पार्टी के पांच पूर्व मंत्री और 10 विधायक शामिल हैं जिनको पार्टी ने टिकट देने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications