पायलटों की हड़ताल जारी, एयर इंडिया की 26 उड़ानें रद्द
एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "कुछ पायलटों के काम पर न आने के कारण दिल्ली से बैंकाक, सिंगापुर, और काठमांडू की अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।"
हड़ताल पर जाने वाले पायलटों की अगुवाई कर रहे कैप्टन वी.के. भल्ला ने आईएएनएस को बताया, "हम सभी सामूहिक अवकाश पर जा रहे हैं। पायलट आने वाले दिनों में काम पर नहीं आएंगे।"
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उनकी सुविधाओं में कटौती के आदेश को वापस नहीं लिया जाता तब तक पायलट प्रबंधन के साथ किसी भी तरह की बातचीत में शामिल नहीं होंगे।
एयर इंडिया के करीब 400 पायलटों ने सुविधाओं में कटौती के विरोध में चिकित्सा अवकास पर जाने की धमकी दी है। पायलटों ने रविवार को प्रबंधन की बातचीत की पेशकश को खारिज करते हुए हड़ताल पर जाने पर बने रहने की बात कही।
पहले से ही आर्थिक दिक्कतों का सामना कर रही एयर इंडिया को शनिवार को पायलटों के काम पर न आने के कारण 11 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं थी।
सरकारी विमानन कंपनी ने बुधवार को लागत कम करने के उपायों के तहत कर्मचारियों को दी जा रही उत्पादकता आधारित सुविधाओं में 25 से 50 फीसदी तक कटौती करने का निर्णय लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications