पाकिस्तान में विस्फोटों में मृतकों की संख्या 27 हुई
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार शनिवार को बन्नू शहर स्थित मनदान पुलिस स्टेशन और पेशावर के सदर इलाके में एक व्यावसायिक केंद्र के बाहर हुए कार बम विस्फोट में मृतकों की संख्या 27 हो गई।
रविवार को मनदान पुलिस स्टेशन के मलबे से दो और पुलिसकर्मियों के शव बरामद किए गए। एक पुलिस अधिकारी तलाह खान ने कहा कि विस्फोट में नौ पुलिसकर्मी और चार नागरिक मारे गए थे।
तालिबान आतंकवादी कारी हसन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
पेशावर के सदर इलाके में एक व्यावसायिक केंद्र के बाहर हुए हमले में 13 लोगों की मौत हो गई। बम निरोधक दस्ते के अधिकारी शफाकत मलिक ने कहा कि आत्मघाती हमलावर ने कार अस्कारी वाणिज्य बैंक के पास ले जाकर एक हथगोला फेंका। उसके बाद उसने कार को उड़ा दिया।
बैंक के समीप सेना का एक वाहन विस्फोट में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक भी मारा गया।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के सूचना मंत्री मियां इफ्तीखार हुसैन ने कहा कि यह हमला क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में किया गया होगा।
इन दोनों विस्फोटों में कम से कम 125 लोग घायल हो गए, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications