गोवा में 'बड़े भाई' का खेल खेलना चाहती है कांग्रेस : राकांपा
पणजी, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। गोवा में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह राज्य में उसे हाशिए पर धकेलने का प्रयास कर रही है। राकांपा ने कहा कि राज्य में कांग्रेस 'बड़े भाई' का खेल खेलना चाहती है।
राकांपा के राज्य महासचिव अविनाश भोंसले ने आईएएनएस से कहा, "कांग्रेस यहां बड़े भाई का खेल खेलना चाहती है। वह राज्य में राकांपा को हाशिये पर रखना चाहती है।"
राकांपा के विधायक और पर्यटन मंत्री मिकी पेचो के खिलाफ जबरन वसूली के आरोप लगाए जाने के मसले पर अविनाश ने कहा कि कांग्रेस राकांपा के धैर्य की परीक्षा ले रही है।
अविनाश ने कहा, "मिकी के खिलाफ कई महीने पहले आरोप लगा था लेकिन दर्ज सितम्बर में हुआ। इसमें देरी क्यों हुई? कांग्रेस दवाब डाल रही है।"
मिकी को गत सप्ताह पुलिस ने दक्षिण गोवा के एक पांच सितारा होटल के कैसिनो के अधिकारियों को धमकी देने और होटल प्रशासन से कथित रूप से 3.6 लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया, जबकि यह घटना जून की है।
मिकी ने कहा कि मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और राज्य के गृह मंत्री रवि नायक ने यह साजिश रची ताकि राकांपा को राज्य में पिछले पांव पर लाया जा सके।
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में राकांपा के तीन विधायक हैं, जिसमें दो मंत्री हैं। कांग्रेस के 18 विधायक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications