आगरा की सफाई के लिए एक आस्ट्रेलियाई की अनूठी पहल
आगरा, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद को अपना गुरू मानने वाले 62 वर्षीय एक आस्ट्रेलियाई नागरिक ने ताज नगरी आगरा को साफ-सुथरा बनाने के लिए एक अनूठा अभियान शुरू किया है।
पूरे भारत के स्कूली बच्चों को सफाई अभियान के लिए प्रेरित करने वाले रेमको वान सांतेन का कहना है कि देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटक स्थल आगरा की तस्वीर को बदलने का समय आ चुका है।
डच मूल के वान सांतेन का मानना है कि साफ सफाई की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की है ऐसा मानना उचित नहीं है। नागरिकों को भी अपने शहर की साफ-सफाई के काम में सहयोग करना चाहिए।
वान सांतेन ने आईएएनएस को बताया," मेरा स्वच्छ भारत अभियान सशक्तीकरण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है।"
उन्होंने कहा," सामुदायिक अभियान, विचार विमर्श और अन्य सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से हम घर-घर यह संदेश पहुंचाना चाहते हैं कि सफाई का काम हर व्यक्ति का है। सरकारी एजेंसियों का इंतजार किए बिना लोगों को स्वेच्छा से खुद के बूते अपने आस-पास की हालात बदलने के लिए पहल करना सीखना चाहिए।
वान सांतेनो ने कहा,"महात्मा गांधी मेरे प्रेरणा स्रोत हैं।"
आगरा शहर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मात्र 200 किलोमीटर दूर है लेकिन आगरा शहर को देश के सबसे गंदे शहरों में शुमार किया जाता है।
वान सांतेनो भारत एक दर्जन से अधिक शहरों जैसे नैनीताल, अजमेर, लखनऊ, इलाहाबाद, चेन्नई और हल्द्वानी में सफाई अभियान चला चुके हैं।
आगरा में वान सांतेनों ने सेंट पीटर्स कालेज के छात्रों को संदेश दिया," आगरा आपका शहर है। यहां आपका बहुत कुछ दांव पर लगा है। अगर आप तुरंत पहल नहीं करोगे तो बहुत देर हो जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications