बेगार न करने पर पूरे परिवार को लाठियों से पीटा, एक की मौत
चरखारी थाना क्षेत्र के बेहारी गांव के दबंग राजेन्द्र सिंह ने गुरुवार को पड़ोस में रहने वाले भुजबल कुशवाहा की 11 वर्षीया बेटी अंजू को अपने घर का चौका-बर्तन साफ करने को बुलाया। अंजू के मना करने पर राजेन्द्र सिंह अपने साथी जीतू के साथ अंजू को बेरहमी से पीटता हुआ उसके घर तक ले गया।
अंजू के परिवारवालों ने उसका कसूर जानना चाहा तो कुछ बताने के बजाय राजेन्द्र सिंह और उसका साथी किशोरी के पिता भुजबल कुशवाहा, छोटे भाई राहुल (4), मां कमलेश और बाबा बल्दू पर लाठियां बरसाने लगे। बाद गांव के लोगों ने हिम्मत जुटा कर गम्भीर हालत में बल्दू (65) को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चरखारी में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गयी। मृतक के बेटे भुजबल कुशवाहा की ओर से राजेन्द्र सिंह व जीतू के खिलाफ चरखारी थाना में हत्या व मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। उधर जिलाधिकारी विजय विश्वास पन्त ने भी इस घटना को गम्भीरता से लेते हुए चरखारी के उपजिलाधिकारी ए.के. पुष्कर को जांच सौंपी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications