स्वाइन फ्लू से देश में 9 की मौत, मृतकों की संख्या 286 हुई (राउंडअप)
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि शुक्रवार को पांच मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुई है। इसके अलावा दो मौत सूरत (गुजरात), एक कन्याकुमारी (तमिलनाडु) तथा एक मौत मैसूर (कर्नाटक) में हुई है।
ताजा मौतों के साथ ही महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ कर 117 हो गई है। इस लिहाज से महाराष्ट्र देश में पहले पायदान पर बना हुआ है। इसके अलावा कर्नाटक में मृतकों की संख्या 86, गुजरात में मृतकों की संख्या 28 और तमिलनाडु में मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
शुक्रवार को फ्लू के 305 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 9,284 हो गई है।
शुक्रवार को सबसे अधिक मामले दिल्ली (154) में उसके बाद महाराष्ट्र (39) तथा उसके बाद आंध्र प्रदेश (32) में सामने आए हैं।
इस बीच गोवा के शिक्षा विभाग ने पणजी स्थित एक स्कूल में दो बच्चों में फ्लू की पुष्टि होने के बाद स्कूल को एक सप्ताह के लिए बंद करने का निर्देश दे दिया है।
गोवा की शिक्षा निदेशक सेल्सा पिंटो ने कहा कि पणजी के मध्य में स्थित पीपुल्स हाई स्कूल को बंद कर दिया गया है।
पिंटो ने कहा, "यह एहतियात के तौर पर उठाया गया कदम है। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने हमसे कहा कि स्कूल को सात दिनों के लिए बंद कर दिया जाए। दोनों पीड़ित पांचवीं कक्षा के छात्र हैं।"
हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कारण देश की सबसे कठिन साइकिल दौड़ 'हरक्युलिस एमटीबी हिमाचल' निरस्त कर दी गई है, क्योंकि ज्यादातर विदेशी भागीदारों ने इस आयोजन से किनारा कर लिया है।
हिमालयी साहसिक खेल व पर्यटन संवर्धन संघ (एचएएसटीपीए) के अध्यक्ष मोहित सूद ने आईएएनएस को बताया, "यूरोपीय देशों के लगभग 50 प्रतिशत भागीदारों ने अपनी भागीदारी निरस्त करवा दी है। इस आयोजन में हिस्सा न लेने के पीछे उनमें से ज्यादातर ने स्वाइन फ्लू को कारण बताया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications