मुठभेड़ में 2 लुटेरे ढेर
यह मामला शुक्रवार की रात का है जब गुडगांव के पालम विहार इलाके में परिवार के एक सदस्य को पांच हथियारबंद लुटेरों ने घर के बाहर घेर लिया।
गुडगांव के पुलिस आयुक्त एस.एस.देसवाल ने बताया,"घर के अंदर लगभग सात सदस्य मौजूद थे। परिवार का एक सदस्य रात करीब 9.30 बजे काम से लौट रहा था, तभी सशस्त्र लुटेरों ने उसे घेर लिया। उनमें से तीन उसकी कार से फरार हो गए जबकि दो लोग जबरदस्ती घर में घुस गए।"
आयुक्त ने बताया कि वे रिवॉल्वर, चाकू और धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने परिवारवालों से घर की कीमती चीजें और पैसे उनके हवाले करने को कहा। उसी समय परिवार का एक सदस्य वहां से निकलने में कामयाब हो गया और उसने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों से आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन लुटेरों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो लोग मारे गए।
देसवाल ने बताया, "परिवार के लोग सुरक्षित हैं। हमने लुटेरों से दो पिस्तौलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications