छत्तीसगढ़ में भाजपा सांसद के पुत्र की हत्या (लीड-2)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "कश्यप के दोनों बेटों दिनेश और तानसेन पर नक्सलियों ने कई चक्र गोलियां बरसाईं। वारदात के समय दोनों बस्तर जिले में महाष्टमी दुर्गा पूजा उत्सव में शिरकत कर रहे थे।"
यह वारदात बस्तर के भानपुरी इलाके के एक मंदिर में हुई, जो राजधानी रायपुर से करीब 300 किलोमीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कश्यप के एक अन्य पुत्र और राज्य में काबीना मंत्री केदार के इस मंदिर से निकलने के कुछ देर बाद चार नक्सलियों ने गोलीबारी की। घटना के बाद चारों नक्सली फरार होने में सफल रहे।
पारिवार सूत्रों के मुताबिक गोलियों से छलनी दोनों बेटों को जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां तानसेन ने दम तोड़ दिया। दिनेश की हालत खतरे से बाहर है।
कश्यप चार बार सांसद रहने के अलावा अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री रह चुके हैं। उनका परिवार वर्षो से नक्सलियों के निशाने पर रहा है। इसका कारण विवादित सलवा जुडूम के प्रति उनका समर्थन है। सलावा जुडूम नक्सलियों के खिलाफ सरकार के समर्थन से संचालित एक संगठन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications