बाल्को हादसा : चीनी कर्मचारियों ने कोरबा छोड़ा
अब तक घटनास्थल से 40 क्षत-विक्षत शव बरामद किए जा चुके हैं। बाल्को के दो ऊर्जा संयंत्रों के निर्माण का ठेका चीन की कंपनी शेनदोंग इलेक्ट्रिक पॉवर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एसईपीसीओ) को मिला था। कोरबा छोड़ने वाले चीनी कर्मचारी इसी कंपनी के हैं।
कोरबा जिला प्रशासन से जुड़े सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि एसईपीसीओ का कार्यालय बंद है वहीं 70-80 चीनी नागरिक शहर छोड़ चुके हैं। इनमें से ज्यादातर इंजीनियर हैं।
जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार पुलिस ने रायपुर के माना हवाई अड्डे के अधिकारियों को सतर्क कर दिया है कि वे एसईपीसीओ के किसी भी कर्मचारी को छत्तीसगढ़ से निकलने की अनुमति नहीं दें क्योंकि चिमनी ढहने के मामले की जांच में उनकी सहायता की जरूरत है।
राज्य सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार कोरबा छोड़ने वाले चीनी कर्मचारियों को बिलासपुर शहर में रखा गया है।
दुर्घटना स्थल पर शनिवार को भी बचाव कार्य में छह अलग-अलग दल लगे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मलबा हटाने में अभी भी 2-3 दिन लग सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications