ईरान ने नए परमाणु संयंत्र की पुष्टि की, ओबामा ने इसे विनाशकारी बताया (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जी-20 शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा है कि दूसरे परमाणु संयंत्र की परेशान करने वाली खबर से यह साबित होता है कि तेहरान दुनिया को धोखा देना चाहता है और अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करना चाहता है।
आईएईए की ओर से शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की गई है कि ईरान ने सोमवार को भेजे एक पत्र में वर्षो से छुपा कर रखे गए एक अन्य संयंत्र के बारे में खुलासा किया है।
ओबामा ने कहा है, "इस संयंत्र की उपस्थिति से यह स्पष्ट होता है कि ईरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मसौदे के तहत अपनी जिम्मेदारियों को नहीं निभाना चाहता।"
इस अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने कहा कि दिसंबर तक ईरान को अपनी परमाणु गतिविधियों के बारे में स्पष्ट करना होगा, अन्यथा उसे नए अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना करना होगा।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने कहा कि यदि ईरान जल्द ही अपने को अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अधीन नहीं कर देता तो उसके खिलाफ कई सारे प्रतिबंध लगा दिए जाएंगे।
अभी तक अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ईरान के नतांज यूरेनियम संवर्धन संयंत्र के बारे में ही जानता था और पश्चिमी देशों को आशंका है कि एक दिन इस संयंत्र का इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने में काम आने वाली सामग्री तैयार करने में किया जाएगा।
हालांकि अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी को दी गई सूचना में यह नहीं बताया गया है कि नया संयंत्र कहां स्थित है और इसके निर्माण में कितनी प्रगति हो चुकी है।
एक अनाम सूत्र ने ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए से बातचीत में दूसरे यूरेनियम संवर्धन संयंत्र की मौजूदगी की पुष्टि की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications