दिल्ली-नोएडा मार्ग पर साल के आखिर तक दौड़ेगी मेट्रो (लीड-1)
इसके अलावा डीएमआरसी ने द्वारका और यमुना बैंक मेट्रो स्टेशनों पर हुए हादसों की वजह की वजह मानवीय भूल बताई है। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक ई.श्रीधरन ने संवाददाताओं से कहा, "यमुना बैंक से नोएडा मार्ग पर मेट्रो रेलसेवा इस वर्ष दिसंबर के अंत तक शुरू हो जाएगी। इस खंड पर मेट्रो सेवा की शुरुआत रेलगाड़ियों की आपूर्ति पर निर्भर है, जिनके नवम्बर तक आने की उम्मीद है। "
यमुना बैंक-नोएडा मार्ग की दूरी 13.1 किलोमीटर है, जिसमें 10 स्टेशन शामिल हैं। पहले इस रेलखंड को जून में खोला जाना था। डीएमआरसी जर्मनी की कंपनी बॉमबेरिडर से मेट्रो के डिब्बे खरीदती है। श्रीधरन ने कहा कि डीएआरसी की अगली प्राथमिकता यमुना बैंक-आनंद विहार खंड को दिसंबर या जनवरी 2010 तक शुरू करना है।
डीएमआरसी की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्रीय सचिवालय-कुतुबमीनार खंड का काम जारी है और यह मार्ग जुलाई 2010 में शुरू हो जाएगा। केंद्रीय सचिवालय-बदरपुर मार्ग के संबंध में डीएमआरसी ने कहा कि यहां कामकाज मेट्रो निर्धारित समय से पांच महीने पीछे चल रहा है। दो महीने की देरी सिर्फ जमरूदपुर दुर्घटना की वजह से ही हुई है हालांकि इस मार्ग पर रेलसेवा अगस्त 2010 में शुरू होने की संभावना है।
डीएमआरसी ने कहा कि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और संभावना है कि सितम्बर 2010 तक इस मार्ग पर मेट्रो रेल सेवा शुरू हो जाएगी।
डीएमआरसी ने कहा कि हाल ही में द्वारका में मेट्रो रेलगाड़ी संचालक ने खतरे के सिग्नल को पार कर दिया था वहीं यमुना बैंक में एक कनिष्ठ अभियंता के नेतृत्व वाले रख-रखाव दल ने इनर रेल को ऊपर करके आउटर रेल को नीचे कर दिया, जबकि उसे इसका उल्टा करना था।
डीएमआरसी ने कहा कि दोनों हादसों के लिए ट्रेन संचालक और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ जुर्माने के लिए आरोप पत्र जारी किया गया है। डीएमआरसी ने कहा कि दोनों का जवाब आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
जमरूदपुर हादसे के संबंध में डीएमआरसी ने कहा कि कारण बताओ नोटिस के जवाब में गेमन इंडिया लिमिटेड ने अपना जवाब सौंप दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications