कलावती अस्पताल में, चुनाव लड़ना तय नहीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके चुनाव लड़ने का निर्णय अब बहुत हद तक चिकित्सकों की सलाह पर निर्भर करेगा।
विदर्भ जन आंदोलन समिति (वीजेएएस) के पदाधिकारी विनोद तिवारी ने बताया, "पास के गांव में कलावती अपनी बेटी से मिलने गई थी। अचानक वहां उन्हें चक्कर आने लगे और उल्टियां भी हुईं। इसके बाद एक चिकित्सक ने उनका परीक्षण किया। चिकित्सक के मुताबिक कलावती को अत्यधिक तनाव की शिकायत है। उन्होंने कलावती को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।"
उन्होंने कहा, "कलावती को यवतमाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। वह चिकित्सकों की निगरानी में है।"
महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव 13 अक्टूबर को होने है। नामांकन की अंतिम तारीख आज (शुक्रवार) ही है। ऐसे में कलावती की चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
कलावती को वीजेएएस ने विधानसभा चुनाव में वानी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। कलावती की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उनके चुनाव न लड़ पाने की स्थिति में वीजेएएस बबितई बैस नामक एक अन्य विधवा को अपना उम्मीदवार बनाने की तैयारी कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications