छोटू रावण है इस दशहरे का खास आकर्षण
अरविंद मिश्रा
लखनऊ, 25सितंबर (आईएएनएस)। जो लोग रामलीला मैदानों में न जाकर अपने घर-आंगन में ही लंकापति रावण को जलते देखने का मजा लेना चाहते हैं वे अब 'छोटू रावण' के पुतलों को आंगन में जलाकर रामलीला मैदान जैसे नजारे का आनंद उठा सकते हैं।
राजधानी लखनऊ में पहली बार बाजार में आया दस सिरों वाले छोटू रावण का पुतला इस दशहरे में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
हजरतगंज स्थित आजाद क्रकर्स के मालिक गुलेशर आजाद ने आईएएनएस को बताया कि इस दशहरे में छोटू रावण को लेकर लोगों में बहुत उत्सुकता है। दुकान पर लोग लंबी कतारें लगाकर छोटू रावण के पुतलों की खरीददारी कर रहे हैं।
आजाद ने कहा कि छोटू रावण उन लोगों के लिए बनाया गया जो रामलीला मैदानों की भीड़भाड़ में जाना पसंद नहीं करते या जिन लोगों के घर उन स्थानों से बहुत दूर होते हैं, जहां रावण को जलाया जाता है। अब वे लोग अपने घर में छोटू रावण को जलाकर दशहरे का पूरा लुत्फ उठा सकेंगे।
छोटू रावण विभिन्न आकार में उपलब्ध है। दो फिट से इसके पुतलों की शुरुआत होती है। एक रावण का दाम 500 रूपये है। मोल भाव करने पर यह 350 से 400 रुपये तक मिल जाता है।
अमीनाबाद बाजार स्थित गुलजार क्रकर्स के मालिक तबरेज अहमद कहते हैं कि छोटू रावण के पुतलों की कीमत उनके आकार और उनमें लगे पटाखों की मात्रा के अनुरूप होती है। उन्होंने कहा कि क्योंकि लोग इन्हें अपने घर के आस-पास परिवार के साथ जलाएंगे। इसलिए सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इनमें उच्च तीव्रता वाले पटाखों का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।
अहमद के मुताबिक छोटू रावण को जलाने के लिए उसके पैर के पास निकले एक पलीते में आग लगानी होगी। आग लगते ही रावण के हर अंग से अलग-अलग रंग की चमकीली रोशनी निकलेगी। आग सिर के पास पहुंचते ही सभी दस सिरों से अलग-अलग दस धमाके होंगे।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व रावण पर भगवान श्रीराम की विजय की खुशी में मनाया जाता है। इस दिन रावण के पुतले दहन किए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications