जी-20 : वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रबंधन में सक्रिय भूमिका की मांग करेगा भारत
पिट्सबर्ग, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। दुनिया के बीस ताकतवर देशों के संगठन जी-20 के गुरुवार को शुरू हो रहे सम्मेलन में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के प्रबंधन में अधिक सक्रिय भूमिका की मांग करेगा जबकि दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था वाले देश मंदी से प्रभावित वैश्विक अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा करेंगे।
जी-20 सम्मेलन में भाग लेने आए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सम्मेलन से पहले कहा,"भारत के लिए वैश्विक अर्थव्यवस्था के प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाना जरूरी है क्योंकि इसमें हमारा काफी कुछ दांव पर लगा है और योगदान देने के लिए हमारे पास काफी कुछ है।"
उन्होंने कहा कि वह विकसित अर्थव्यवस्थाओं को यह बताएंगे कि उनके यहां विकास का दौर लौटने और बैंकिंग व वित्तीय सेक्टर में स्थायित्व से भारत के हित जुड़े हैं और यह हमारे निर्यात, पूंजी प्रवाह और निवेश को सीधे प्रभावित करता है।
माना जा रहा है कि दुनिया की दूसरी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में मंदी का बेहतर तरीके से सामना करने के आत्मविश्वास से लबरेज भारत अंतराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में सुधार की मांग करने के साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने की प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले हर तरह के संरक्षणवादी कदमों का जोरदार विरोध करेगा।
योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की मेजबानी में आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री के मुख्य सहयोगी होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications