कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 83 हुई
बेंगलुरू, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से तीन और व्यक्तियों की मौत हो जाने के साथ ही राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। यह जानकारी एक स्वास्थ्य अधिकारी ने गुरुवार को दी।
इनमें से दो मौते बेंगलुरू में और एक उडुपी में हुई। बेंगलुरू में 17 सितम्बर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए 37 वर्षीय एक व्यक्ति ने 19 सितम्बर को दम तोड़ दिया। इसके अलावा 15 सितम्बर को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराए गए 66 वर्षीय व्यक्ति की उसी दिन मौत हो गई।
उडुपी के एक सरकारी अस्पताल में पांच वर्षीय बालिका की मंगलवार को मौत हो गई। हालांकि इन सभी के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि 23 सितम्बर को हुई।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों को रोजानावार ढंग से दर्ज किया जा रहा है लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि बुरा वक्त करीब-करीब टल चुका है।
राज्य में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आई. आर. पेरूमल ने आईएएनएस को बताया, "एच1एन1 के संदिग्ध और पुष्ट मामलों के अनुपात पर गौर करें तो हम कह सकते हैं कि राज्य में स्वाइन फ्लू से संबद्ध मौतों के मामलों में कमी आई है।"
कर्नाटक में इस बीमारी से हुई 83 मौतों में से 61 लोगों की मौत बेंगलुरू में हुई। राज्य में बुधवार को स्वाइन फ्लू के 17 नए मामले सामने आए। इनमें से 13 बेंगलुरू के थे। राज्य में अब तक 934 लोगों में इस बीमारी की पुष्टि हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications