परमाणु मसले पर ईरान से गंभीरता की आशा कर रही महाशक्तियां
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और रूस के राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि वे ईरान पर दवाब बनाने के लिए सहमत हैं और उस पर और प्रतिबंध लगाए जाने के विकल्प को भी खुला रखा है।
ओबामा और मेदवेदेव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान बुधवार को मुलाकात की थी। ईरान पर और प्रतिबंध लगाने के मसले पर मेदवेदेव ने कहा, "कम ही मामलों में प्रतिबंध लगाने से कुछ हासिल होता है लेकिन कुछ मामलों में प्रतिबंध लगाना आवश्यक हो जाता है।"
अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस और जर्मनी के विदेश मंत्रियों ने बुधवार को एक अक्टूबर को होने वाली बैठक से पहले मुलाकात की। विदेश मंत्रियों द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि वे ईरान के साथ बातचीत करने के लिए सहमत हैं। उन्होंने कहा कि एक अक्टूबर को होने वाली बैठक ईरान को परमाणु मुद्दों पर बातचीत के लिए मौका देगी।
दूसरी ओर ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए परमाणु मुद्दे को लेकर एक अक्टबूर को होने वाली बैठक की चर्चा नहीं की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications