सरकार ने पोखरण-2 की विफलता की बात खारिज की
भारतीय वायुसेना के विमान से, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। सरकार ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें 11 वर्ष पहले पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षण को विफल बताया गया है। सरकार ने वैज्ञानिक के इस बयान के समय को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व वैज्ञानिक के दावे का जिक्र करते हुए सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, "वह शास्वत रूप से झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने इस दावे को करने के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का पांच साल इंतजार क्यों किया?"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ अमेरिका के पिट्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए जा रहे एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "आठ विभिन्न परीक्षणों में से एक परीक्षण से हमें वह परिणाम नहीं मिल पाए थे, जिसकी हमें उम्मीद थी। लेकिन बाकी सातों परीक्षण पूरी तरह सफल रहे।"
अधिकारी ने अपनी यह टिप्पणी रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (डीआरडीओ) के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक के.संथानम के उस दावे के प्रतिक्रियास्वरूप की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वर्ष 1998 में किए गए परमाणु परीक्षण सफल नहीं हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications