जलवायु परिवर्तन रोकने पर दुनिया के नेताओं में सहमति
न्यूयार्क, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। दुनिया के नेताओं ने इस वर्ष के अंत में जलवायु परिवर्तन पर होने वाले अब तक के सबसे बड़े सम्मेलन में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
दुनिया के दो सबसे बड़े प्रदूषक राष्ट्रों चीन और अमेरिका ने अपने-अपने उत्सर्जन घटाने और विश्व का तापमान बढ़ने से रोकने के लिए एक दूसरे के साथ काम करने का इरादा जताया है।
चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ ने कहा कि उनका देश वर्ष 2020 तक उत्सर्जन में वृद्धि को धीमा करने पर राजी हो सकता है लेकिन उन्होंने इसके लिए कोई निश्चित आंकड़ा नहीं बताया। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिकी प्रदूषण को कम करने की जिम्मेदारी को स्वीकार किया लेकिन किसी नई नीति का प्रस्ताव नहीं रखा।
जापान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री युकियो हातोयामा ने सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2020 तक जापान उत्सर्जन में 25 प्रतिशत की कटौती करेगा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि 100 से अधिक विश्व नेताओं वाले सम्मेलन में एक वैश्विक संधि पर पहुंचने के लिए मतभेद कम हुए हैं। परंतु उन्होंने संकेत दिया कि औद्योगिक देश अपने उत्सर्जन में पर्याप्त कमी नहीं करने जा रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के बुधवार को आरंभ होने वाले सम्मेलन से पहले जलवायु शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था। अगले पांच दिनों तक दुनिया भर के नेता संयुक्त राष्ट्र में वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications