बिहार की अक्षर आंचल योजना से अन्य राज्य भी प्रभावित
पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में महिलाओं को साक्षर बनाने की 'अक्षर आंचल योजना' अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बिहार सरकार से अक्षर आंचल योजना के संबंध में जानकारी मांगी है।
बिहार के मानव संसाधन विभाग के जनशिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि जनशिक्षा निदेशालय के अधिकारी जल्द ही हिमाचल प्रदेश जाकर इस योजना के विषय में विस्तार से जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस योजना के विषय में विस्तृत जानकारी मांगी है।
कुमार ने बताया कि राज्य में 40 लाख निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने के लिए प्रारंभ की गई अक्षर आंचल योजना के प्रति अन्य राज्यों में भी उत्सुकता जगी है।
राज्य सरकार जब अक्षर आंचल योजना को लागू करने की तैयारी में थी, तब केन्द्र सरकार ने भी इस योजना की जानकारी लेने के लिए विशेषज्ञों को यहां भेजा था। इस योजना में 53 करोड़ रुपये खर्च कर छह माह में 40 लाख महिलाओं को साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में दो लाख केन्द्रों पर दो लाख शिक्षकों (अक्षरदूतों) के माध्यम से 40 लाख महिलाओं को साक्षर बनाने की योजना शुरू की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications