यहूदियों के नरसंहार को नकारने पर संयुक्त राष्ट्र से बहिर्गमन करेगा जर्मनी
बर्लिन, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के संयुक्त राष्ट्र महासभा के समक्ष यहूदियों के नरसंहार (होलोकास्ट) का पुन: खंडन करने की स्थिति में जर्मन राजनयिक बहिर्गमन के लिए तैयार हैं। बर्लिन के अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि कर दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने एक अखबार में छपी खबर की पुष्टि कर दी कि गुरुवार को भाषण के दौरान किसी भी यहूदी विरोधी टिप्पणी का जर्मनी कड़ा विरोध करेगा।
प्रवक्ता ने कहा कि वह यूरोपीय संघ के सभी देशों से समान प्रतिक्रिया चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्विट्जरलैंड के जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार सम्मेलन में अहमदीनेजाद के यहूदी धर्म की प्रवृत्ति को नस्लीय कहने पर यूरोपीय संघ के अधिकांश प्रतिनिधियों ने बहिर्गमन किया था।
ईरानी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को तेहरान में एक भाषण में 'होलोकास्ट' को झूठी कहानी बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications