स्वाइन फ्लू से 2 की मौत, मृतकों की संख्या 264 हुई (लीड-1)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार बुधवार को महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक और आंध्र प्रदेश के हैदराबाद में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बयान के अनुसार अब तक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 108, कर्नाटक में 82, गुजरात में 26, आंध्र प्रदेश में 23, दिल्ली में 9, तमिलनाडु में 3, केरल में 4, हरियाणा में 2, गोवा में 3, उत्तराखंड में 1, उत्तर प्रदेश में 1, छत्तीसगढ़ में 1 मरीज ने दम तोड़ दिया।
बयान के अनुसार मंगलवार को सामने आए नए मामलों में सर्वाधिक दिल्ली से 80, आंध्र प्रदेश से 11, कर्नाटक से 17, तमिलनाडु से 17, महाराष्ट्र से 45, केरल से 8, हरियाणा से 26, गुजरात से 1, उत्तराखंड से 10, जम्मू एवं कश्मीर से 2 और उत्तर प्रदेश से 2 शामिल हैं।
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के लगातार ज्यादा मामले सामने आने के बाद देखा जा रहा है कि बीमारी के लक्षण होने के बावजूद लोग त्वरित चिकित्सा मदद लेने से कतरा रहे हैं।
स्वाइन फ्लू के लिए दिल्ली के नोडल अधिकारी अंजन प्रकाश ने आईएएनएस से कहा, "लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षण होने पर तुरंत नजदीक के अस्पताल में पहुंचने के प्रति जागरूक करने के कई प्रयासों के बावजूद ज्यादातर लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं। लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही राजधानी में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने की एक मुख्य वजह है।"
राजधानी में स्वाइन फ्लू के अब तक 2,065 मामले आए हैं और इनमें से 1,018 मामले बच्चों के हैं। दिल्ली में एच1एन1 वायरस के संक्रमण से नौ लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
प्रकाश ने कहा, "हम ज्यादा कुछ नहीं कर सकते, लेकिन लोगों से अनुरोध करेंगे कि स्वाइन फ्लू के लक्षण होने पर वह तुरंत चिकित्सक के पास जाएं और आवश्यक सावधानी बरतें।"
दिल्ली सरकार ने मंगलवार को घोषणा की थी कि 28 प्राधिकृत दवा की दुकानों में टैमीफ्लू व फ्लू के इलाज की अन्य दवाएं मिलेंगी। केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह करीब 500 दुकानों पर टैमीफ्लू की बिक्री की इजाजत दे दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications