कांग्रेस ने 68 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की (लीड-1)
आज जारी सूची में जिन प्रमुख नेताओं के नाम हैं उनमें मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा (गरही-सांपला-किलोई), वित्त मंत्री वीरेन्द्र सिंह (उछनाकलां), वन व पर्यटन मंत्री किरन चौधरी (तोशाम) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलचंद मुलाना (मुलाना) शामिल हैं।
कालका विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन को न तो कालका से और न ही पंचकुला से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
गौरतलब है कि चंद्रमोहन पिछले साल दिसम्बर महीने में उस वक्त विवादों में आ गए थे जब उन्होंने धर्म परिवर्तन कर अनुराधा बाली उर्फ फिजा से निकाह कर लिया था। चंद्रमोहन कांग्रेस के टिकट से कालका या पंचकुला से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे।
उनके भाई व हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने पहले ही साफ कर दिया है कि चंद्रमोहन के लिए उनकी पार्टी ने अपने सभी दरवाजे बंद कर लिए हैं।
ऊर्जा मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला को कैथल से उम्मीदवार बनाया गया है। उनके पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला राज्य विधानसभा में कैथल का प्रतिनिधित्व करते थे। रणदीप पहले नरवाना से विधायक थे लेकिन परिसीमन में उनकी यह सीट आरक्षित हो गई है।
मुख्यमंत्री हुड्डा के नजदीकी के. वी. सिंह को डबवाली विधानसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अजय सिंह चौटाला से उनका मुकाबला होगा।
वित्त मंत्री वीरेन्द्र सिंह उछनाकलां से पार्टी के उम्मीदवार बनाए गए हैं। इस सीट पर उनकी टक्कर इनेलो अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला से है। चौटाला ने एलनाबाद सीट से भी परचा भरा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications