कर्मवीर सिंह ने संभाला उप्र के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार
पदभार ग्रहण करने के तुरन्त बाद ही नए पुलिस महानिदेशक कर्मवीर सिंह ने पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस बल का दायित्व प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और असहाय लोगों की मदद करना है। इसमें किसी प्रकार की कोई कोताही पाई गई तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। उनकी पहली प्राथमिकता प्रदेश की कानून व्यवस्था को चाकचौबंद करना है।
सिंह ने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को पूरा संरक्षण ही नहीं मिलेगा, बल्कि उनको पूरा महत्व भी दिया जाएगा।
कर्मवीर सिंह वर्ष 1975 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। सिंह पिछले सप्ताह ही केंद्र में प्रतिनियुक्ति से वापस राज्य में लौटे हैं। इससे पूर्व वह केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के विशेष महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कहा जा रहा है कि पिछले कुछ समय से विपक्ष राज्य में कानून एवं व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर मायावती सरकार को निशाना बनाए हुए था जिसके चलते विक्रम सिंह को पदमुक्त कर दिया गया। यद्यपि कल रात जारी आदेश में विक्रम सिंह को हटाने का कोई कारण नहीं बताया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications