भारत ने अफगानिस्तान पर पाक की चिंताओं को खारिज किया
वाशिंगटन, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने उन सुझावों को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया है कि अफगानिस्तान में भारत की बढ़ती भागीदारी पाकिस्तान को घेरे में लेने की कोशिश है। ऐसी चिंताएं पाकिस्तान में व्यक्त की जा रही है।
अमेरिकी समाचार पत्र वाल स्ट्रीट जर्नल को दिए एक साक्षात्कार में कृष्णा ने कहा, "मैं सोचता हूं कि ये आधारहीन आरोप हैं। अफगानिस्तान में भारत की भूमिका उसे आधारभूत परियोजनाओं के मामले में स्थायित्व प्रदान करने की है।"
मंत्री ने कहा, "यह हमारी पहली चिंता है। इसी कारण हमें अफगानिस्तान में आमंत्रित किया गया। हम वहां सड़कें, स्कूलों के भवन और ट्रांसमिशन लाइनों का निर्माण कर रहे हैं।"
कृष्णा ने कहा, "यदि अफगानिस्तान में आंतरिक मतभेद है तो हम सोचते हैं कि अफगानिस्तान की जनता और अफगानिस्तान के नेता स्वयं इसका समाधान ढूंढ लेंगे।"
उन्होंने अफगानिस्तान में हाल में हुए चुनाव में धांधली के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "अफगानिस्तान को एक राष्ट्र के रूप में बढ़ना होगा। यह चुनाव की प्रक्रिया से संभव होगा। मैं सोचता हूं कि इस प्रक्रिया में वे सफल हुए हैं। हमें उनका समर्थन करना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications