हिमाचल प्रदेश ने सेब की 74 लाख पेटियां बाहर भेजीं
राज्य के बागवानी मंत्री नरेन्दर ब्रागटा ने आईएएनएस को बताया,"राज्य में सेब का कारोबार तेजी पकड़ चुका है और देश के बाजारों में अब तक यहां से 74 लाख पेटी सेब भेजा जा चुका है। सत्र की लगभग 40 फीसदी फसल बेची जा चुकी है।"
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक रूप से मीठे सेब के लिए मशहूर किन्नौर और लाहौल और स्पीति जिलों से अगले 15 दिनों में आवक में तेजी आएगी।
राज्य बागवानी विभाग के अनुसार इस सत्र में सेब का कुल उत्पादन लगभग एक करोड़ 80 लाख पेटी होगा। एक पेटी में 25 किलो सेब होता है। पिछले सत्र के दो करोड़ 60 लाख पेटी के मुकाबले इस बार सेब का उत्पादन काफी कम है।
शिमला जिले के कोटखाई गांव में सेब की खेती करने वाले कंवर दयाल कृष्ण सिंह ने कहा चालू सत्र में सेब की रिकार्ड कीमत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि रॉयल डेलिशियस किस्मों के सेब की कीमत प्रति पेटी के हिसाब से 1,500 रुपये से अधिक मिल रही है जबकि पिछले सत्र में प्रति पेटी सेब की कीमत 1,000 रुपये ही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications