भारत ने पाकिस्तान से हाफिज के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई को कहा
वाशिंगटन, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत ने पाकिस्तान से मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की है।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने न्यूयार्क में चल रही संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से इतर 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए एक साक्षात्कार में बुधवार को कहा, "हम चाहते हैं कि मुंबई हमले के सिलसिले में सईद पर कार्रवाई हो।"
उन्होंने कहा, "वे हमें झांसा देने की कोशिश कर रहे हैं। सईद के खिलाफ मामले को थोड़ा आगे बढ़ाकर वह हमें भरमाना चाहते हैं। हम इस झांसेबाजी में नहीं पड़ने वाले हैं।"
ज्ञात हो कि सईद को सोमवार को पाकिस्तान के लाहौर स्थित उसके आवास पर नजरबंद कर दिया गया है।
कृष्णा ने कहा, "हमने पाक सरकार को जो छह दस्तावेज सौंपे हैं, जो यह बताते हैं कि सईद कैसे मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है। हम बस यही चाहते हैं कि मुंबई हमलों के संबंध में सईद से पूछताछ की जाए।"
उन्होंने कहा कि यदि भारत पर फिर मुंबई जैसे हमले हुए तो हो सकता है कि हम पाकिस्तान के प्रति वैसी सहनशीलता फिर न दिखाए जैसी कि मुंबई हमले के बाद हमने दिखाई थी।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि अब हम पर कोई हमला नहीं होगा लेकिन फिर भी यदि कोई हमला होता है तो हम उससे निपटने को पूरी तरह तैयार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications