मेहंदी के नमूनों की जांच के आदेश
पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में मेहंदी लगाने के बाद मचे बवाल के मद्देनजर राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने मेहंदी के नमूनों की जांच के आदेश दिए हैं।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव सी़ क़े मिश्र ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने मेहंदी के नमूनों की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकता हुई तो इन नमूनों को जांच के लिए राज्य के बाहर भी भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच के पीछे मकसद सिर्फ इतना है कि स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने का भी आग्रह किया।
इधर, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को मेहंदी के नमूने जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मेहंदी कहां से आई इसकी जांच की जाएगी।
नीलमणि ने बताया कि जांच के बाद अगर मेहंदी में कुछ गड़बड़ी पाई गई तो मेहंदी कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इधर, पटना के तीन थानों में इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए हैं।
ज्ञात हो कि पिछले दो दिनों में पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेंहदी लगाने से शरीर में छाले पड़ने, मितली आने सहित विभिन्न तरह की शिकायतें मिली थीं और लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने लगे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications