'जलवायु संधि के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की दरकार'
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक जलवायु परिवर्तन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून मंगलवार को सम्मेलन की औपचारिक शुरूआत करेंगे। मून को उम्मीद है कि वह इसमें शामिल होने वाले वार्ताकारों पर दिसंबर में कोपेनहेगन में होने वाले मुख्य सम्मेलन से पहले नया वैश्विक करार तैयार कर लेने के लिए दबाव बना सकेंगे।
सोमवार को न्यूयार्क में 'जलवायु सप्ताह' का उद्घाटन करते हुए मून ने कहा था कि नेताओं के लिए मंगलवार के सम्मेलन का उद्देश्य राजनीतिक इच्छाशक्ति जुटाना है ताकि वार्ताओं की गति तेज हो सके।
मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और चीनी राष्ट्रपति हू जिनताओ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोनों राष्ट्रपति इस विषय पर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।
वे दोनों संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाले एक दिवसीय सम्मेलन की शुरूआत करने वाले आठ नेताओं में शामिल होंगे। अमेरिका और चीन विश्व में सबसे ज्यादा कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जित करने वाले देश हैं। वैश्विक तापमान बढ़ने की मुख्य वजह कार्बन डाईऑक्साइड का उत्सर्जन है।
संयुक्त राष्ट्र में सबसे बड़े जलवायु सम्मेलन के रूप में देखे जा रहे इस आयोजन में दुनिया भर के देशों के 86 राष्ट्रपति और 36 प्रधानमंत्री जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन के अंत में मून इन वार्ताओं में सामने आए विचारों का सार प्रस्तुत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications