प्राइकोल के वरिष्ठ अधिकारी की कर्मचारियों के हमले में मौत
चेन्नई, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। कोयंबटूर स्थित प्राइकोल लि. के उपाध्यक्ष (मानव संसाधन) रॉय जार्ज की मंगलवार को मौत हो गई। कंपनी के कर्मचारियों सोमवार को उन पर हमला कर दिया था। इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राइकोल का 633 करोड़ रुपये का व्यापार है और यह ऑटो के कल-पुर्जे बनाने वाली एक अग्रणी कंपनी है।
प्राइकोल पिछले कुछ समय से कर्मचारियों की समस्या को लेकर उलझी हुई थी। यह मसला सोमवार को उस समय उबल पड़ा, जब कंपनी ने कोयंबटूर के नजदीक अपने एक कारखाने से 35 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया।
इस खबर बौखलाए कर्मचारियों के एक समूह ने पेरिएन्नैकेनपलायम स्थित कंपनी के संयंत्र संख्या 1 में जम कर तोड़फोड़ की। उग्र कर्मचारियों ने कंप्यूटर, शीशे और अन्य फर्नीचर तोड़ डाले।
जिन अधिकारियों ने कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की उनकी उन्होंने जम कर पिटाई की। इस दौरान जार्ज के सिर पर गहरी चोट लगी। जार्ज (46) को गंभीर रूप से घायल अवस्था में कोयंबटूर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
कोयंबटूर पुलिस के अनुसार सोमवार के हमले में जार्ज सहित तीन पुरुष व एक महिला कर्मचारी घायल हुए थे।
इस बीच भारतीय उद्योग संघ (सीआईआई) के दक्षिणी क्षेत्र के अध्यक्ष सी.आर. स्वामीनाथन ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications