अब पारीकर ने साधा आडवाणी पर निशाना (लीड-1)
पारीकर ने एक स्थानीय समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि निष्ठा और चरित्र के मामले में आडवाणी भाजपा के श्रेष्ठ नेता हैं। उन्होंने कहा, "मैं आडवाणीजी का बड़ा सम्मान करता हूं।"
उन्होंने कहा, "अचार तैयार होने में एक साल का समय लगता है लेकिन आप यदि इसे दो या उससे अधिक साल तक रखते हैं तो वह खराब होने लगता है। आडवाणीजी की पारी लगभग समाप्ति की ओर है। एक-दो साल हैं उनके पास। हो सकता है कि उसके बाद वे पार्टी के मार्गदर्शक की भूमिका में आ जाएं।"
नेतृत्व परिवर्तन की मांग करते हुए पारीकर ने कहा कि पार्टी को किसी युवा को अध्यक्ष के रूप में पेश करना चाहिए, जिसकी विश्वसनीयता हो।
उन्होंने कहा, "मैं बुजुर्गो के खिलाफ नहीं हूं लेकिन भाजपा को उन नेताओं को तरजीह देनी चाहिए जो 40 से 60 की उम्र के हों।"
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के उत्तराधिकारी के रूप में जिन युवा नेताओं के नामों की चर्चा है, उनमें पारीकर भी हैं।
इस बारे में पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता। हर बात का जवाब मैं नहीं दे सकता।"
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं तो ईद मनाने में व्यस्त हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications