गिरफ्तार नक्सली नेता अक्सर आता था दिल्ली : पुलिस
शहर की एक अदालत में पेशी के बाद घांडी को विशेष सुरक्षा वाली तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हमारे लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है और पहली बार यहां इतने बड़े नक्सली नेता को पकड़ा गया है। लेकिन अब तक हम उससे विस्तृत पूछताछ नहीं कर सके हैं। अब तक हमें केवल इतनी ही जानकारी मिली है कि वह बहुत जल्दी-जल्दी राजधानी आता था और गिरफ्तार होने से तीन-चार रोज पहले ही यहां पहुंचा था।"
अधिकारी ने कहा, "हम उसे पुलिस हिरासत में लेना चाहेंगे और पूछताछ में यहां आने के मकसद और राजधानी में उसके क्रियाकलापों के संबंध में जानने का प्रयास करेंगे। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके अन्य साथियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। उससे यह भी पूछा जाएगा कि क्या वाम चरमपंथियों ने दिल्ली में अपना आधार बनाया है और क्या वह किसी गतिविधि को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।"
पुलिस ने कहा कि 60 वर्षीय घांडी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (माकपा-माओवादी) के मुख्य योजनाकर्ताओं में से एक है। वह प्राथमिक तौर पर शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संगठन को बढ़ाने का काम कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications