पत्नी की हत्या के बाद गुनाह कबूला
रायपुर, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लोहे की छड़ से पीट-पीटकर हत्या करने के बाद स्थानीय थाने में जा कर अपना गुनाह कबूल कर लिया।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार को राजधानी रायपुर से 240 किलोमीटर दूर रायगढ़ के औद्योगिक शहर के धिमरापुर में हुई।
कोतवाली थाने के प्रभारी के. के. वासनिक ने आईएएनएस को बताया, "हम उस वक्त दंग रह गए जब 35 वर्षीय चिन्नी लाल उर्फ अनिल ने थाने पहुंचकर अपनी पत्नी की हत्या के बारे में बताना शुरू किया।"
उन्होंने बताया कि अनिल ने पुलिस को जानकारी दी कि कैसे उसकी पत्नी द्वारा स्वयं को बेगुनाह बताने की दलीलें देने के बावजूद वह उसे लोहे की छड़ से पीटता रहा।
वासनिक ने बताया कि अनिल ने दावा किया कि उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसके पास इस बात के ठोस सबूत हैं कि उसकी पत्नी के एक स्थानीय युवक से संबंध थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की शादी 11 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो बच्चे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications