जलवायु परिवर्तन पर भारत की राय रखेंगे कृष्णा
न्यूयार्क, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र द्वारा जलवायु परिवर्तन पर आयोजित सम्मेलन में भारत का रुख पेश करने की जिम्मेवारी विदेश मंत्री एस.एम कृष्णा को सौंपी गई है। कृष्णा इस वैश्विक जमावड़े में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सम्मेलन का आयोजन संयुक्त राष्ट्र महासचिव बैन की मून की पहल पर हो रहा है। इस साल डेनमार्क के कोपेनहेगन शहर में जलवायु परिवर्तन पर होने वाले सम्मेलन को सफल बनाने की कोशिश के तहत यह सम्मेलन यहां आयोजित किया जा रहा है।
माना जा रहा है कि कृष्णा इस सम्मेलन में भारत की इस राय को फिर से दोहराएंगे कि इस मसले पर किसी भी निर्णायक समझौते से पहले विकासशील देशों में गरीबी एवं आर्थिक प्रगति के परिदृश्य का आकलन जरूर किया जाना चाहिए। वह विकसित देशों को उनका कर्तव्य भी याद दिलाएंगे।
भारत का मानना है कि जलवायु परिवर्तन की समस्या से लड़ने के लिए कोई भी फैसला लेने से पहले विकासशील देशों की जरूरत का ख्याल रखा जाना चाहिए।
सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा एवं चीनी राष्ट्रपति हू जिनताओ समेत 100 से अधिक देशों के नेता जलवायु परिवर्तन पर अपने मुल्क का रुख स्पष्ट करेंगे। मंगलवार को इस सम्मेलन में उन बिंदुओं पर खास चर्चा होगी जो कोपेनहेगन सम्मेलन की दिशा तय करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications