जी20 शिखर सम्मेलन में विकासशील देशों की आवाज बुलंद करेंगे मनमोहन सिंह
नई दिल्ली, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के पिट्सबर्ग में जी20 के दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बुधवार को रवाना होंगे, उम्मीद है कि वहां वह वैश्विक वित्तीय ढांचे में भारत जैसे विकासशील देशों को अधिक बड़ी भूमिका देने के प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि उम्मीद है कि प्रधानमंत्री वर्तमान वास्तविकता के अनुरूप बहुपक्षीय वित्तीय संस्थानों में सुधार पर बल देंगे और सभी प्रकार के संरक्षणवाद के खिलाफ भारतीय विरोध दोहराएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे के पहले विदेश सचिव निरुपमा राव ने कहा, "हम यह भी देखना चाहेंगे कि पिट्सबर्ग शिखर सम्मेलन यह सुनिश्चित करे कि विकसित देशों के नियामकों की विफलता से पैदा संकट दोहराया न जाए।"
उन्होंने कहा कि व्यापार, वस्तुओं, सेवा या निवेश जैसे सभी रूपों में संरक्षणवाद का भारत विरोधी है।
गुरुवार से आरंभ हो रहे दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया प्रधानमंत्री के प्रमुख सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications