स्वाइन फ्लू से 17 मरे, देश में मृतकों की संख्या 257 हुई
यद्यपि स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि सोमवार को सात मौतें हुई हैं, लेकिन कर्नाटक में पिछले 10 दिनों के दौरान हुई 10 मौतों की पुष्टि सोमवार को ही हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने जिन सात मौतों की बात कही है, उनमें से तीन-तीन मौतें महाराष्ट्र व गुजरात में तथा एक मौत आंध्र प्रदेश में हुई है।
अधिकारी ने कहा कि कर्नाटक में आठ सितंबर से 18 सितंबर के बीच हुई 10 मौतों के मामले में पाया गया कि ये सभी मौतें संक्रामक वायरस के कारण हुई हैं। इस बात वैज्ञानिक पुष्टि सोमवार को हुई।
अधिकारी ने कहा, "राज्य में चार और मौतें हुई हैं, लेकिन हम उनकी वैज्ञानिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।" इन मौतों के साथ ही कर्नाटक में मृतकों की संख्या 79 हो गई है।
महाराष्ट्र में फ्लू के कारण पुणे में दो मौतें हुई हैं और एक व्यक्ति की नागपुर में मौत हुई है। इन तीन मौतों के साथ ही राज्य में फ्लू के कारण मरने वालों की संख्या 106 हो गई है। इस तरह महाराष्ट्र इस मामले में पहले पायदान पर बना हुआ है, जबकि कर्नाटक दूसरे स्थान पर है।
गुजरात में गांधीनगर, सूरत और वड़ोदरा से एक-एक व्यक्ति के मरने की खबर है। इन तीन मौतों के साथ राज्य में स्वाइन फ्लू के कारण मरने वालों की संख्या 26 हो गई है। इस मामले में गुजरात तीसरे स्थान पर है।
अधिकारियों ने कहा है कि हैदराबाद में भी फ्लू के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश में फ्लू के कारण मृतकों की संख्या बढ़ कर 22 हो गई है।
इस बीच देश में स्वाइन फ्लू के 228 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 8,153 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications