प्रेम व उल्लास के साथ मनाया गया ईद का त्योहार (राउंडअप)

दिल्ली में हजारों लोगों ने नए परिधान धारण कर पहले मस्जिदों में नमाज अदा की और उसके बाद अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ दावतों का आनंद उठाया।

ईद अरबी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ 'उत्सव' और फितर का मतलब 'दान' होता है।

दिल्ली पुलिस ने मस्जिदों के आसपास यातायात को दूसरी ओर मोड़ दिया था और सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी समस्या से बचने के लिए सुरक्षा और यातायात के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।

कश्मीर घाटी में मस्जिदों के बाहर मैदानों में हजारों मुसलमानों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की।

कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। हर जगह ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।

रविवार को चांद दिखाई देने के बाद रमजान का पवित्र महीन समाप्त हो गया और नया इस्लामी महीना शव्वाल आरंभ हो गया।

श्रीनगर में सबसे अधिक लोग हजरतबल, ईदगाह मैदान, पोलो मैदान और जामिया मस्जिद में नमाज के लिए एकत्र हुए थे।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता केंद्रीय मंत्री फारुक अब्दुल्ला ने हजारों लोगों के साथ हजरतबल पर ईद की नमाज अदा की।

शहर के अनेक हिस्सों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों और नागरिकों को आपस में एक-दूसरे को बधाई देते हुए देखा गया।

इस मौके पर सद्भावना दिखाने के लिए प्रशासन ने अलगाववादी संगठन नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष मुहम्मद नईम खान और महिला अलगाववादी संगठन की प्रमुख आसिया अंदरीब को रविवार शाम रिहा कर दिया था।

उत्तर प्रदेश में भी ईद-उल-फितर का त्योहार हषरेल्लास के साथ मनाए जाने की खबर है। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस मौके पर लोगों से अमन और भाईचारा फैलाने के साथ-साथ पोलियो को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया।

राजधानी लखनऊ में सोमवार को हजारों की संख्या में मुसलमानों ने ऐतिहासिक ईदगाह मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

धार्मिक नेताओं ने इस अवसर पर समाज में भाईचारे के साथ मिल-जुल कर काम करने का आह्वान किया। सुन्नी धर्मगुरुमौलाना खालिद रशीद फिरंग महली ने संवाददाताओं से कहा कि ईद का त्योहार हमें मिलजुल कर रहने का संदेश देता है।

फिरंग महली ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर लोगों से अपील की है कि वे ईद के पावन मौके पर पोलियो को जड़ से खत्म करने का संकल्प लें।

राज्यपाल बी.एल.जोशी और मुख्यमंत्री मायावती ने भी लोगों को ईद की बधाई दी।

मध्य प्रदेश में भी ईद-उल-फितर की धूम रही। राजधानी भोपाल में ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई और देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी गई।

ईदगाह में शहर काजी अमीर उल्ला ने ईद की नमाज अदा कराई। इस अवसर पर शहर काजी ने कहा कि समाज में आपसी रिश्ते मजबूत रहें और सक्षम लोग गरीबों की मदद करते रहें, यही कामना नमाज के दौरान हर किसी ने की।

नमाज के वक्त ईदगाह पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने सभी मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी।

पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी ईद-उल-फितर का त्योहार उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर नमाज अदा करने के विशेष प्रबंध किए गए थे। रावलपिंडी और इस्लामाबाद में करीब 300 स्थानों पर नमाज अदा की गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार राजधानी की ग्रैंड फैजल मस्जिद में नमाजियों की सबसे अधिक भीड़ थी। वहां सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने नमाज अदा की। रावलपिंडी में ऐतिहासिक लियाकत बाग में सर्वाधिक लोगों ने नमाज में हिस्सा लिया।

सरकार ने 21 से 23 सितम्बर तक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया और त्योहार को देखते हुए कर्मचारियों को अग्रिम वेतन दिया गया।

रेडियो और टेलीविजन संस्थानों भी कई विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण किया, जबकि समाचार पत्रों ने इस दिन के महत्व को बताने के लिए विशेषांक प्रकाशित किए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+