Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

कृष्णा-कुरैशी वार्ता से पहले भारत ने सईद से पूछताछ की मांग की (राउंडअप)

सईद को लाहौर स्थित उसके आवास में नजरबंद किए जाने संबंधी खबरें आने के चंद घंटों बाद ही भारत ने कहा कि पाकिस्तान को मुंबई हमलों के संबंध में सईद से पूछताछ करनी चाहिए, क्योंकि उसके खिलाफ सभी सबूत पड़ोसी देश की ही धरती पर हैं।

संयुक्त राष्ट्र की महासभा के सत्र के इतर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की वार्ता से पहले भारतीय विदेश सचिव निरूपमा राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच वार्ता होगी।

बशीर ने इस्लामाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "जुलाई महीने में शर्म अल-शेख में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई वार्ता के आगे की कड़ी के रूप में विदेश सचिवों की यह बैठक होगी। विदेश सचिवों द्वारा तैयार किए गए एजेंडे पर दोनों विदेश मंत्री चर्चा करेंगे।"

उन्होंने कहा, "वार्ता के दौरान आतंकवाद और जम्मू एवं कश्मीर सहित दोनों देशों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी।"

बहरहाल, भारत इस वार्ता को सीमा पार आतंकवाद और मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तक ही सीमित रखना चाहता है।

सईद की गिरफ्तारी के बारे में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने चेन्नई शहर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भले ही पाकिस्तान की यह कोशिश अपना चेहरा बचाने के लिए ही क्यों न हो, मुझे इस पर कोई आपत्ति नहीं है। मेरी मांग यह है कि चूंकि अब वह गिरफ्तार किया जा चुका है इसलिए मुंबई हमले में उसकी संलिप्तता को लेकर भी उससे पूछताछ की जानी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "इससे जुड़े सबूत पाकिस्तान की धरती पर है। पाकिस्तान जब हमसे सबूत मांगता है तो हम कहते हैं कि सबूत तो उसी की धरती पर हैं। इसलिए पाकिस्तान में इसकी जांच होनी चाहिए और पाकिस्तान में ही सबूत इकट्ठे किए जाने चाहिए।"

इससे पहले एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई कि सईद को लाहौर स्थित उसके आवास में नजरबंद कर दिया गया है।

समाचार चैनल 'जियो टीवी' ने सोमवार को खबर दी कि सईद की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उसके आवास के बाहर पुलिस का एक दल तैनात किया गया है।

पिछले महीने एक भाषण में जिहाद का आह्वान करने और जमात-उद-दावा के लिए चंदे की अपील करने के कारण फैसलाबाद पुलिस ने गुरुवार को सईद के खिलाफ दो प्राथमिकियां (एफआईआर) दर्ज की थीं।

अमेरिका और भारत का मानना है कि यह संगठन आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र है और संयुक्त राष्ट्र ने इस पर प्रतिबंध लगाया है।

भारत ने हाल ही में पाकिस्तान से कहा था कि द्विपक्षीय वार्ता आरंभ करने से पहले वह सईद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।

सईद के खिलाफ मामला उसके 27-28 अगस्त के फैसलाबाद दौरे से संबंधित है। पुलिस के अनुसार सईद ने इफ्तार की एक दावत के दौरान प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों से जिहाद शुरू करने का आह्वान किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+