सईद से मुंबई हमलों के बारे में पूछताछ करे पाक : चिदम्बरम (लीड-1)
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भले ही पाकिस्तान की यह कोशिश अपना चेहरा बचाने के लिए ही क्यों न हो, मुझे इस पर कोई आपत्ति नहीं है। मेरी मांग यह है कि चूंकि अब वह गिरफ्तार किया जा चुका है इसलिए मुंबई हमले में उसकी संलिप्तता को लेकर भी उससे पूछताछ की जानी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "इससे जुड़े सबूत पाकिस्तान की धरती पर है। पाकिस्तान जब हमसे सबूत मांगता है तो हम कहते रहे हैं कि सबूत तो उसी की धरती पर हैं। इसलिए पाकिस्तान में इसकी जांच होनी चाहिए और पाकिस्तान में ही सबूत इकट्ठे किए जाने चाहिए।"
इससे पहले एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई कि सईद को लाहौर स्थित उसके आवास में नजरबंद कर दिया गया है।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' ने सोमवार को खबर दी कि सईद की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उसके आवास के बाहर पुलिस का एक दल तैनात किया गया है।
पिछले महीने एक भाषण में जिहाद का आह्वान करने और जमात-उद-दावा के लिए चंदे की अपील करने के कारण फैसलाबाद पुलिस ने गुरुवार को सईद के खिलाफ दो प्राथमिकियां (एफआईआर) दर्ज की थीं।
अमेरिका और भारत को संदेह है कि यह संगठन आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र है और संयुक्त राष्ट्र ने इस पर प्रतिबंध लगाया है।
भारत ने हाल ही में पाकिस्तान से कहा था कि द्विपक्षीय वार्ता आरंभ करने से पहले वह सईद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
सईद के खिलाफ मामला उसके 27-28 अगस्त के फैसलाबाद दौरे से संबंधित है। पुलिस के अनुसार सईद ने इफ्तार की एक दावत के दौरान प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों से जिहाद शुरू करने का आह्वान किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications