मछली पकड़ने के लिए दूसरे देशों की समुद्री सीमाओं का उल्लंघन बंद हो : भारत
कृषि राज्यमंत्री के.वी थॉमस ने 16 सितंबर को स्पेन के बैयोना शहर में हुए एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में यह राय जाहिर की। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैंने मत्स्य पालन मंत्रियों के पांचवें सम्मेलन में यह मसला उठाया जिसका कई देशों ने समर्थन किया।"
उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से मछली मारने के धंधे में लगे लोगों पर नजर रखने के लिए कोई अंतर्राष्ट्रीय निगरानी व्यवस्था नहीं है। थॉमस ने इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा, "अगर ऐसी निगरानी व्यवस्था कायम होती है तो समुद्री संसाधनों का संरक्षण होगा।"
थॉमस ने यह भी कहा कि इस धंधे में बड़े देशों के लोग संलिप्त हैं। इन देशों के अत्याधुनिक जहाज भारतीय जल सीमा में मछली पकड़ने के लिए चक्कर लगाते रहे हैं। थॉमस ने कहा कि इस सिलसिले को रोकने के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय निगरानी व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी देशों एवं ब्राजील ने उनके इस सुझाव का समर्थन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications