सागर में सेना के 4 फर्जी अफसर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक रविवार को चार संदिग्ध युवकों को कार में सागर स्थित महार रेजीमेंट क्षेत्र में घूमते हुए सेना के जवानों ने पकड़ा। बाद में उनके वाहन की तलाशी लेने पर सेना के अफसरों की चार वर्दी, दस्तावेज आदि बरामद किए गए। महार रेजीमेंट के एक अधिकारी ने इसकी छांवनी थाने में लिखित शिकायत की, जिस पर चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनसे चार वाहन भी बरामद किए गए।
सागर के पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि जिन चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है उनमें से एक महाराष्ट्र और तीन सागर के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
छांवनी थाने में सेना की ओर से दिए गए शिकायती आवेदन में कहा गया है कि ये चारों युवक महाराष्ट्र के नौजवानों से सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी भी कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक चौधरी का इस संदर्भ में कहना है कि नौकरी के नाम पर ठगी का कोई मामला अभी सामने नहीं आया है। हो सकता है कि आगे जांच में इसका खुलासा हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications