पूर्वोत्तर राज्यों और भूटान में भूकंप के तेज झटके (लीड-2)
भूकंप के झटके दोपहर 2.26 बजे महसूस किए गए। भूकंप से किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
भूकंप का केंद्र भूटान में राजधानी थिम्पू से 500 किलोमीटर दूर मुंगर में था। यह असम की राजधानी गुवाहाटी से 125 किलोमीटर दूर भारत-भूटान सीमा पर स्थित है। शुरुआती रपटों के अनुसार भूकंप की वजह से गुवाहाटी में कई इमारतों में दरारें आ गईं।
मुंगर के जिला अधिकारी शेरब तेनजिन ने बताया कि किसी भी मौत या किसी के घायल होने के बारे में तत्काल कोई सूचना नहीं है लेकिन काफी संख्या में आवासों, स्कूलों और अन्य इमारतों को नुकसान हुआ है। यह सभी इमारतें मिट्टी और पत्थरों से से निर्मित थीं और इनकी छतें टीन की थीं।
उन्होंने कहा कि पुलिस और बचाव दलों को क्षेत्र में राहत कार्यो तथा क्षति का अंदाजा लगाने के लिए भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर में पिछले महीने भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। शिलांग के भूकंप केंद्र के अनुसार गत 13 अगस्त के बाद से क्षेत्र में आया यह पांचवां और सबसे शक्तिशाली भूकंप है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी सोमवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
मौसम विभाग के कोलकाता स्थित क्षेत्रीय केंद्र के एक अधिकारी ने बताया, "हमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से भूकंप के हल्के झटकों की सूचना मिली है। हमारा भूकंप प्रकोष्ठ मामले को देख रहा है।"
आरंभिक समाचारों के अनुसार भूकंप के झटके राज्य के दक्षिणी जिलों, मालदा और दार्जिलिंग के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए।
चीन के दक्षिण पश्चिमी स्वायत्त क्षेत्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा के लोगों ने भी भूकंप के झटके महसूस किए।
तिब्बत के क्षेत्रीय भूकंप ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने कहा कि भूकंप से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications