सीरिया में 3,500 वर्ष पुरानी विशाल कब्र मिली
कटना(सीरिया), 21 सितम्बर (आईएएनएस)। जर्मन पुरातत्ववेत्ताओं ने सीरिया के एक प्राचीन राजमहल परिसर से एक ऐसी विशाल कब्र खोजी है जिसमें कम से कम 30 लोगों के अवशेष हैं। यह कब्र 3,500 वर्ष पुरानी बताई जाती है।
पुरातत्ववेत्ता पीटर फेल्जनर को डीपीए संवाद एजेंसी ने यह कहते हुए उद्धृत किया है, ' ये अवशेष किसी एक ही परिवार या शाही घराने के व्यक्तियों के हो सकते हैं। हैरत की बात है कि एक प्राचीन राजमहल परिसर में होने के बावजूद यह ऐतिहासक धरोहर कब्र लुटेरों का शिकार नहीं बनी।" उल्लेखनीय है कि पुरातात्विक महत्व के नगरों या इलाकों में कब्रों का पता लगाकर उनमें दबी धरोहरों को गायब करने वाले गिरोहों की कमी नहीं है। सौभाग्य से यह कब्र इन गिरोहों की नजर से ओझल रही।
ट्यूबिनजेन विश्वविद्यालय के पुरातत्ववेत्ताओं ने इसका पता लगाया है। कब्र का पता सीरिया के सर्वाधिक ऐतिहासिक नगरों में से एक कटना में लगा है। कब्र में मानव अवशेषों के अलावा चीनी मिट्टी, सिलखड़ी एवं ग्रेनाइट के पात्र भी मिले हैं। इससे भी अहम तथ्य यह है कि इसमें सोने के आभूषण, बंदर की एक पाषाण मूर्ति एवं कुछ दूसरे घरेलू उत्पाद भी मिले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications